सहसवां गांव में आयोजित दंगल में दांव पेंच लगाते पहलवान। - संवाद
- प्रदेश और दूसरे राज्यों से आए पहलवानों के बीच हुए कुश्ती मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सहसवां गांव में दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश और दूसरे राज्यों से आए पहलवानों ने जोर आजमाइश की। काफी संख्या में लोग दंगल में होने वाले कुश्ती मुकाबले देखने के लिए पहुंचे हुए थे।
दंगल का शुभारंभ गणमान्य अतिथियों की ओर से भगवान शिव की पूजा-अर्चना और अखाड़े में नारियल फोड़ कर किया गया। इसके बाद जोरदार कुश्ती मुकाबले शुरू हुए जिसमें जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल के नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल में बड़ी माली की कुश्ती जम्मू के रिशु और महाराष्ट्र के पांडु के बीच हुई। यह कुश्ती लंबे समय तक चली। आखिर में महाराष्ट्र के पांडु ने जम्मू के रिशु को पटखनी देकर बड़ी माली जीत ली। आयोजन समिति ने दंगल विजेता को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बड़ी संख्या में लोग दंगल देखने पहुंचे। आयोजकों ने कहा कि पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना आवश्यक है और ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है। इस दंगल के सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन, पुलिस और दंगल कमेटी की सराहना भी की। वहीं दंगल देखने पहुंचे लोगों ने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित यह दंगल न सिर्फ खेल भावना को प्रोत्साहित करता है बल्कि क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं को जीवंत करने का भी बेहतरीन माध्यम है।