कठुआ के शिवालय में चार पहर की पूजा करते भक्त
- जिले भर के शिवालयों में पूरे विधि-विधान के साथ हुई चार पहर की पूजा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिवभक्तों में गजब का उत्साह नजर आया। बुधवार की रात जिले भर के शिवालयों में चार पहर की पूजा-अर्चना की गई। वहीं, वीरवार को शहर के अलावा आसपास के इलाकों में भंडारों का आयोजन किया गया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शहर के महाकालेश्वर शिव दुर्गा मंदिर, पटेल नगर स्थित शिव मंदिर, वार्ड नंबर 12 स्थित मठ मंदिर, वार्ड पांच स्थित शिव मंदिर, शहर के वार्ड दो स्थित प्राचीन बावलियों वाले शिव मंदिर, साधु की बावलियों वाले शिव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाई गई। विशेष पूजन रात को शुरू हुआ और चार पहर पूरे होने के बाद महादेव का जलाभिषेक किया गया। रात भर भक्तजन भगवान शिव की आराधना में लीन दिखाई दिए।
वहीं, महाकलेश्वर शिवदुर्गा मंदिर और पटेल नगर स्थित शिव मंदिर में दूसरे दिन भंडारे का आयोजन किया गया। पहला भोग भोले बाबा को लगाया गया और उसके बाद आमजन के लिए भंडारा खोल दिया गया। काफी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। हालांकि मौसम खराब होने के कारण सार्वजनिक स्थलों पर होने वाले भंडारों के आयोजन को स्थगित रखा गया है। इनके संचालकों ने मौसम साफ होने के बाद भंडारा लगाने की बात कही है।