विश्व कैंसर दिवस के मौके पर जीएमसी में आए लोगों को कैंसर को लेकर जागरूक करते हुए
- फोटो : KATHUA
कठुआ। क्लोजिंग द केयर गैप की थीम पर विश्व कैंसर दिवस के मौके पर जीएमसी कठुआ में भी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यूआईसीसी जिनेवा के तत्वावधान और कैंसर केयर फाउंडेशन ट्रस्ट, एलबीएन रेडिएशन्स ऑफ होप के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन हुआ। ऑन्कोलॉजी विभाग के नर्सिंग स्टाफ ने नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को ऑन्कोस्मार्ट बनाने के उद्देश्य से ऑन्कोसेंसिटाइजेशन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम डॉ यशपाल शर्मा निदेशक समन्वय न्यू जीएमसी जम्मू-कश्मीर और डॉ अंजलि नादिर भट प्रिंसिपल जीएमसी कठुआ के संरक्षण और मार्गदर्शन में किया गया।
स्वयंसेवी नर्सों ने विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों को समूह व्याख्यान दिया और उन्हें कैंसर रोगियों के प्राथमिक उपचार प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित किया और बड़े पैमाने पर जनता को कैंसर जागरूकता साहित्य का वितरण किया गया। साथ ही मरीजों को फल व उपहार बांटे गए। डॉ यशपाल शर्मा ने अपने वर्चुअल संबोधन में स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें कैंसर जागरूकता के संदेश को दूर-दराज के क्षेत्रों में ले जाने के लिए कहा ताकि आम जनता लाभान्वित हो सके। इसी प्रकार डॉ अंजलि नादिर भट ने नर्सिंग स्टाफ को मिशनरी उत्साह के साथ काम करने और मरीजों का इलाज करुणा से करने के लिए कहा। जबकि दीपक अबरोल ने विश्व कैंसर दिवस मनाने के संबंध में जानकारी दी साथ ही कैंसर के निवारक पहलुओं पर प्रकाश डाला।