संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जगतपुर पंचायत के वार्ड पांच में पिछले तीन महीने से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान होने पर स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को महिलाओं ने जल शक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। सैकड़ों परिवार पानी के परेशान हो रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल राधारानी ने कहा कि कभी मोटर खराब, कभी पाइपों में लीकेज और कभी बिजली सप्लाई में आने वाली दिक्कतों के कारण पिछले तीन महीने से उनके वार्ड के सौ के करीब घरों में पेयजल संकट गहराया है। जिसका समाधान करने के लिए न तो जल शक्ति विभाग आगे आता है और न ही जिनको लोगों ने अपने वोट के जरिए चुना था वह इसके लिए कोई प्रयास करते है।
कंडी क्षेत्र में पड़ने वाले उनके गांव में पानी के किसी अतिरिक्त स्रोत की बात की जाए तो वह भी नही है। क्योंकि नहर में इन दिनों पानी की बंद किया गया है। वहीं तालाब भी सूख चुका है। मजबूर होकर उन्हें प्रदर्शन का रास्ता अख्तियार करना पड़ रहा है।
वहीं, देवी कुमारी ने कहा कि गांव में जलापूर्ति को बनाए रखने के लिए मटांडी गांव के ट्यूबवेल से उनके गांव में पानी सप्लाई किए जाने का वैकल्पिक इंतजाम विभाग की ओर से किया गया। लेकिन वहां से सप्ताह में मात्र एक घंटे दी जाने वाली पानी की सप्लाई भी कुछ ही घरों तक पहुंच पाती है। जो उनके पूरे सप्ताह के लिए पर्याप्त भी नही होता है। ऐसे में गांव के लोग पानी के परेशान होते रहते है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग समस्या का पूर्ण समाधान करने के पहल नही कर रहा है। वहीं, सरकार की नल से हर घर को जल देने वाली योजना उनके लिए अब तक केवल छलावा ही बनी हुई है। ऐसे में उनके पास प्रदर्शन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता है। आज उन्होंने विभाग को जगाने के लिए प्रदर्शन किया है। अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे लोग डीसी के कार्यालय के समक्ष भी प्रदर्शन करेंगे।