गत दिनों सांबा जिला कौलपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटना के बाद वहां नए श्री गुरु ग्रंथ साहिब की स्थापना के लिए भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। पंजाब के पठानकोट जिला स्थित गुरुद्वारा बाड साहिब से गुरु ग्रंथ के स्वरूप के साथ निकाले जाने वाले नगर कीर्तन का प्रवेशद्वार लखनपुर में भव्य स्वागत किया गया।
शनिवार को पंजप्यारे की अगुवाई में लखनपुर पहुंचने पर जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा स्वागत किया गया। वहीं इस दौरान जिला की सीमा में लच्छीपुर, बरनोटी, राजबाग में भी जगह-जगह एकत्र संगत ने पुष्प यात्रा कर श्री ग्रंथ साहिब का स्वागत किया। इस मौके पर सांबा जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कठुआ जिला में ग्रंथ साहिब का भव्य स्वागत किए जाने पर पूरी संगत कर आभार जताया।
इस मौके पर जम्मू-कश्मीर सिख मिशन के प्रभारी हरपिंदर सिंह, जगतार सिंह, जम्मू कश्मीर सिख क्वाडिनेशन कमेटी के चेयरमैन अजीत सिंह, कठुआ जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के जिला प्रधान चरणजीत सिंह, उपप्रधान कुलदीप सिंह, महासचिव प्रवीण सिंह, कोषाध्यक्ष दलजीत सिंह कश्मीर सिंह भूपिंदर सिंह आदि मौजूद रहे।