-कठुआ में पारा 48 डिग्री रिकॉर्ड, लू के थपेड़े से लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में आसमान से अंगार बरस रहे हैं। लगातार दूसरे दिन कठुआ में पारा 48 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, दिन के बाद अब रातें भी तपना शुरू हो गई हैं। मंगलवार की रात कठुआ में न्यनूतम तापमान में एक साथ पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़त रही। सोमवार की रात जहां तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया था वहीं मंगलवार की रात 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
तेज पड़ रही गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दिन के अलावा रात के समय भी लू के थपेड़े चल रहे हैं। खास तौर से कठुआ के मैदानी इलाकों में गर्मी का भीषण प्रकोप देखने को मिल रहा है। उधर, पहाड़ी इलाकों में भी पारे में भारी उछाल आया है। बुधवार को बनी कस्बे में भी लू के थपेड़े महसूस किए गए। अमूमन इन इलाकों में तापमान इन दिनों भी सामान्य रहता है जो सैलानियों को आकर्षित करता है। आईएमडी के अनुसार दिन का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, देर शाम शहर में तेज हवाओं का दौर भी मैदानी इलाकों में देखने को मिला।