वीरवार को 31.1 डिग्री सेल्सियस के साथ फरवरी में जहां दिन का अधिकतम रिकार्ड तापमान दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार की रात कठुआ में न्यूनतम तापमान ने भी नया रिकार्ड स्थापित कर दिया है। 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज न्यनूतम तापमान के साथ ही एक ही रात में जहां चार डिग्री सेल्सियस से अधिक की बढ़त दर्ज हुई है वहीं इस साल गर्मी का एहसास लोगों को अभी से होना शुरू हो गया है। फरवरी माह में ही लोग पंखों का सहारा लेने लगे हैं।
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले सप्ताह में राहत के आसार नहीं हैं। चार मार्च को अधिकतम तापमान के 35 डिग्री को पार करने का अनुमान है। जबकि बारिश की संभावना भी न के बराबर है। स्थानीय स्तर पर बनने वाले दबाव से ही इससे राहत मिलने की उम्मीद है लेकिन उसके भी आसार नहीं आ रहे हैं।
शुक्रवार से मौसम का मिजाज जिले में बदलना शुरू हो गया था। लेकिन रात के समय पारे में उछाल आया।
सुबह गरज के साथ जहां पहाड़ी इलाकों में बौछार गिरे वहीं मैदानी इलाकों में हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी से ही लोगों को गुजारा करना पड़ा। दोपहर होते तक तापमान ने फिर तेजी दिखाई और अधिकतम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र कठुआ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ विशाल महाजन ने बताया कि फरवरी माह में आम तौर पर न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं रहता है। शुक्रवार रात को सामान्य न्यूनतम तापमान से चार डिग्री से भी अधिक की बढ़त देखी गई है।