रामकोट। गुड़ा कल्याल ईस्ट पंचायत के वार्ड चार में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। लोगों ने विभाग से टैंकरों द्वारा सप्लाई पहुंचाने की मांग की। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी इस प्रकार की किल्लत बढ़ रही है।
पंच मोहन लाल शर्मा ने बताया कि वार्ड में दो हैंडपंप लगाए गए हैं। इनमें गंदा पानी ही आता है। प्राकृतिक स्रोत सूखने के कारण परेशानी शुरू हो गई है। हंसराज वर्मा ने बताया कि जल शक्ति विभाग की सप्लाई हर तीसरे या चौथे दिन ही दी जाती है। प्रशासन की ओर से पीने के पानी की व्यवस्था न होने से लोगों को हैंडपंप का गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि किलयाल गांव में पेयजल संकट इतना गहरा या है कि वहां पर हैंडपंप भी नजदीक नहीं है। बताया कि घरेलू कामों में उपयोग लाने के लिए उज्ज दरिया का रुख करना पड़ता है। पंच रुखसार अख्तर ने कहा कि पीने के पानी की समस्या से लोग काफी परेशान हैं इसके कारण रोजमर्रा के कार्यों में परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि पीने के पानी की कमी को पूरा करने के लिए यदि टैंकरों को नियमित भेजा जाए तो लोगों को राहत मिल सकती है। वही देसराज शर्मा ने बताया कि गर्मी बढ़ने से परेशानी बढ़ रही है। इस समस्या का हल करवाया जाना चाहिए। पीएचई के एईई अनिल जंजुआ ने कहा कि जल आपूर्ति को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। कई इलाकों में अच्छी आपूर्ति हो रही है। जिन क्षेत्रों में कमी है। वहां भी नई पाइपलाइन डालने पर विचार किया जा रहा है।