कठुआ। लखनपुर क्षेत्र के गांव खनियारा में दो महीने से पेयजल जलापूर्ति ठप पड़ी है। इसे बहाल करने में जलशक्ति विभाग नाकाम रहा है। इससे गुस्साए लोगों ने सोमवार को डीसी कार्यालय में प्रदर्शन किया।
डीसी कार्यालय पहुंचे दर्जनों ग्रामीणों ने उनकी मूलभूत समस्या का समाधान करने में बरती जा रही उदासीनता पर जल शक्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस समस्या को लेेकर उन्होंने अपनी मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को दिया। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर अब भी प्रशासन ने उनकी समस्या का समाधान नहीं करवाया तो वे लोग हाईवे पर उतरेंगे।
प्रदर्शन में शामिल अमित सिंह ने कहा कि उनके गांव में दो माह से व्याप्त जलसंकट का समाधान करने के प्रति संबंधित विभाग गंभीर नहीं है। बार-बार गुहार लगाने के बाद समस्या जस की तस बनी हुई है। खनियारा खड्ड में जल शक्ति विभाग के स्टेशन पर मोटर खराब होने के बाद से गांव की हजारों की आबादी के लिए अब पानी का इंतजाम ही एक मात्र काम बन कर रह गया है। गांव के लोगों को अब पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए दो किलोमीटर खड्ड के पास बने पुराने कुएं तक आना पड़ रहा है। यहां भी अब बारिश के दौरान पानी साफ नहीं रहा है। इससे अब लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं आने लगी हैं। वहीं दर्शना देवी ने कहा कि गांव में पेयजल आपूर्ति न होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को आ रही है। उन्हें सुबह से घर की जरूरतों को पूरा करने के लिए परेशान होना पड़ता है। लोग अपने मवेशियों को भी पानी नहीं पिला पा रहे हैं। पानी की इस समस्या के लिए जब भी विभाग के अधिकारियों से बात की जाती है तो वे दो-चार दिनों में समस्या का समाधान करने का आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। आज भी वे लोग विभाग के कार्यकारी अभियंता मिले हैं लेकिन आज भी उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया गया है। इससे उन्हें प्रदर्शन करना पड़ा।
वहीं, प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता बबलू सिंह जसरोटिया ने बताया कि एक तरफ जल शक्ति विभाग हर घर जल के बड़े बड़े दावे कर रहा है, लेकिन दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में लोग कई महीने से पानी की बूंद के तरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल शक्ति मिशन ने खनियारा में एक ट्यूबवेल तो बनाया है, लेकिन उसका पानी अभी तक लोगों को नहीं मिला रहा है। विभाग ने जिस ठेकेदार को काम सौंपा था, उसने अभी तक लोगों के घरों तक जलापूर्ति के लिए पाइपों को ही नहीं बिछाया है। इसके चलते लोगों को पेयजल पानी की भारी किल्लत हो रही है, जबकि पहले से लगा ट्यूबवेल भी पिछले दो महीने से खराब पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तीन से चार दिन में गांव की ठप पड़ी पेयजल आपूर्ति को बहाल नहीं किया गया तो वे हाईवे जाम करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। प्रदर्शन में कृष्ण सिंह, फतेह सिंह, रतन चंद, बंसी राम, पिंकी देवी, सीमा देवी और सुनीता रानी आदि मौजूद रहीं।