बिलावर। भड्डू गांव के गोस्वामी मोहल्ला, महाजन मोहल्ला और मेन बाजार के लोगों को पेयजल के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक महीने से लगभग 200 घरों को केवल चार या पांच बार पेयजल सप्लाई उपलब्ध करवाई गई और वह भी केवल पांच मिनट के लिए। इससे इस सर्दी के मौसम में भी लोग पेयजल की किल्लत से जूझ रहे हैं।
स्थानीय निवासी कुलदीप शर्मा, सुनीता शर्मा, कुलभूषण शर्मा, मुकेश कुमार और अन्य लोगों ने बताया कि कई बार इस समस्या के बारे में जल शक्ति विभाग को अवगत करवाया है लेकिन संबंधित विभाग समस्या का समाधान करने के लिए गंभीर नहीं है। लोगों ने बताया कि मौजूदा समय में लोगों को निजी पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। जो आर्थिक रूप से कमजोर परिरार हैं, वे प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द गोस्वामी मोहल्ला, महाजन मोहल्ला और भड्डू गांव के मेन बाजार में पेयजल सप्लाई सही तरीके से उपलब्ध करवाई जाए, जिससे इन तीनों मोहल्लों की 2000 के करीब की आबादी को पेयजल की किल्लत से राहत मिल सके।
इस संदर्भ में जल शक्ति विभाग बिलावर के एईई सुरेंद्र सिंह समयाल ने बताया कि समस्या संज्ञान में आ गई है। सोमवार को पेयजल सप्लाई सही तरीके से उपलब्ध करवा दी जाएगी।