पेयजल समस्या को लेकर प्रदर्शन करते शहर के वार्ड चार के लोगसंवाद
लोग बोले- वार्ड की टूटी नालियों से होती है परेशानी, शिकायत के बाद भी नहीं हुआ सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। भीषण गर्मी के बीच वार्ड में पेयजल की अपर्याप्त आपूर्ति और अन्य मूलभूत समस्याओं का समाधान न होने से लोगों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। वार्ड के निवासियों ने एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया। संबंधित विभागों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल निर्मला देवी ने कहा कि गर्मी अपने चरम पर है, लेकिन वार्डवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन-तीन दिन बाद होने वाली पानी की आपूर्ति के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। वहीं, शांति देवी ने कहा कि उनके वार्ड की सबसे बड़ी समस्या पर्याप्त पेयजल आपूर्ति का है। उन्होंने कहा कि सर्दियों और बरसात के मौसम में लोग किसी तरह गुजारा कर लेते हैं, लेकिन गर्मियों में पानी की मांग बढ़ने पर हालात गंभीर हो जाती है और लोगों को अपनी आवाज बुलंद करने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ता है। उन्होंने वार्ड की टूटी गलियों और बदहाल नालियों का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि वर्षों से इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिससे लोगों को गंदगी और दूषित वातावरण के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पीडीपी नेता एसके भंडारी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सरकार का जनहितैषी चेहरा बदलता नजर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों की समस्याओं और परेशानियों के प्रति सरकार व प्रशासन का रवैया उदासीन बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन को तेज करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी।