संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। क्षेत्र के गांव कोला में शुक्रवार को ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सुंदरपुर पावर ग्रिड स्टेशन से पहले चार गांव चक सलाम, कोला, कोठी और कुतुबनीजाम को बिजली आपूर्ति की जाती थी, लेकिन तब भी पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल रही थी।
गांव के अमरीक सिंह का कहना है कि अब बिजली विभाग की और से गांव गोंदला और खारिया गांवों को भी इसी लाइन से जोड़ दिया है, जिससे बिजली पर अतिरिक्त लोड बढ़ गया है। इसके कारण बार-बार बिजली कटौती हो रही है और वोल्टेज की समस्या और गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों में शामिल अजीत सिंह, प्रीतम सिंह ने मांग की है कि गोंदला और खारियां गांवों का कनेक्शन किसी अन्य फीडर या लाइन से जोड़ा जाए, ताकि कोला सहित पहले से जुड़े गांवों में पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली मिल सके। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली विभाग की और पुराने ढांचे को बेहतर नहीं बनाया जा रहा पर स्मार्ट मीटर लगा ग्रामीणों से अधिक बिजली का किराया लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर बार गर्मी के समय बिजली विभाग की और लीपापोती कर उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति किए जाने पर इन दिनों पड रही उमस भरी गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे।