लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे पंचायत हल्का परनाला से एक प्रतिनिधिमंडल बिजली विभाग के एईई से मिला। सरपंच बिरेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल में शामिल सुषमा देवी, प्रीतो देवी, विमला देवी, भोली देवी, रेवा देवी आदि ने बताया कि पंचायत के वार्ड नंबर एक मोहड़ा कटनी में पिछले काफी अर्सा से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
कहने को तो गांव में बिजली है, लेकिन वोल्टेज इतनी कम होती है कि बल्ब जला होने पर भी मोमबत्ती जलानी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने बाली हैं।
लिहाजा लो वोल्टेज की वजह से उन्हें रात को पढ़ने में दिक्कत आ रही है। लो वोल्टेज से लोगों के घरों में लगे विद्युत उपकरण भी शोपीस बन कर रहे गए हैं। उन्होंने एईई से कहाकि वह ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए जल्द ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़वाएं। जब तक ऐसा नहीं हो जाता तब तक उन्हें कटनी में लगे दूसरे ट्रांसफार्मर से बिजली दी जाए।