- किशनपुर गांव में किसानों की फसलें बर्बाद कर रहे बंदर, रोकने पर कर देते हैं हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। उप मंडल मुख्यालय से सटे किशनपुर गांव की लगभग 6000 की आबादी बंदरों के उत्पात से परेशान है। किसान रतन चंद, संजू भगत, रोशन लाल, गिरधारी लाल, सुनील कुमार सुभाष और सुलेखा देवी ने बताया कि बंदर गांव के मुख्य बाजार से गुजरने वाले लोगों के हाथों से सामान छीन कर ले जाते हैं।
बताया कि गांव में 90 फीसदी से अधिक लोग किसान हैं। 60 प्रतिशत से अधिक फसलों को बंदर बर्बाद कर देते हैं जिस की वजह से किसानों की मेहनत पर पानी फिर जाता है। गांव के गली-मोहल्लों, चौराहों, घरों की छत पर और खेत खलिहानों में अक्सर बंदरों के झुंड उत्पाद मचाते देखे जा सकते हैं। बंदरों के झुंड दुकानों से सामान उठा कर ले जाते हैं। जब उन्हें भगाने की कोशिश की जाती है तो आगे से हमला कर देते हैं।
लोगों ने सरकार से मांग की है कि किशनपुर गांव में बढ़ रही बंदरों की संख्या पर अंकुश लगाया जाए और आमजन को इनसे निजात दिलाई जाए।