- विश्व हिंदू परिषद ने सामाजिक समरसता यात्रा का किया आगाज, 30 तक चलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सनातनी समाज को एकजुट रखकर उसे मजबूत बनाने की दिशा में पहल करते हुए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने रविवार को सामाजिक समरसता यात्रा का आगाज कर दिया। शहर के मुखर्जी चौक स्थित श्री रघुनाथ जी मंदिर परिसर से विहिप के समरसता प्रचारक ईश्वर ने यात्रा को रवाना किया।
उन्होंने बताया कि 30 दिसंबर तक चलने वाली इस यात्रा के माध्यम से विहिप लोगों के बीच अपना संदेश लेकर जाएगी जिसमें लोगों आपसी मतभेद भुलकर एकजुट होने और आपसी एकता को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कहा कि जाति-पंथ में बंटे होने के कारण हमेशा से हिंदू समाज विधर्मियों के निशाने पर रहा है। मौजूदा परिदृश्य में बांग्लादेश में हिंदुओं पर होने वाले हमले इसका उदाहरण हैं। ऐसे हालात से बचने के लिए हम सभी को एकजुट होना पड़ेगा। शहर में निकाली गई यात्रा में शामिल लोगों ने शहर के गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल चौक कॉलेज रोड, शहीदी चौक, पुराना बस अड्डा जराई चौक आदि जगहों पर समाज को एकता का संदेश दिया। इसके बाद यात्रा ने नगरी की ओर प्रस्थान किया, जहां रामलीला मैदान में सभा का आयोजन किया गया। यहां वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
इस मौके पर यात्रा प्रमुख नवीन, जम्मू-कश्मीर संगठन मंत्री राजेंद्र , प्रांत उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह पठानिया, जिला अध्यक्ष मदन सिंह, जिला मंत्री रमेश भारती, आर्य समाज मंदिर के प्रधान बिशन भारती, राजन बजरंगी, भाजपा नेता तिलक राज भगत, मोहन सिंह भोगल सहित संत समाज से नरेश गिरि महाराज और कथाव्यास मनोहर लाल शास्त्री मौजूद रहे।