संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला पुलिस ने महानपुर के बिहानी क्षेत्र में वन लकड़ी से लदे एक लोड कैरियर को जब्त किया है। यह लकड़ी क्षेत्र से तस्करी कर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस को लकड़ी की तस्करी की सूचना मिली थी। पता चला था कि बिना वैध दस्तावेज और अनुमति के लकड़ी की अवैध तस्करी हो रही है। एक वाहन एचपी38डी-0226 में वन लकड़ी को लोड किया गया है और ये वाहन बेहनी चौक से महानपुर की तरफ बढ़ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस चेक पोस्ट (पीसीपी) महानपुर प्रभारी ने नाका लगाया और वाहन को जांच के लिए रोका। ट्रक को बंटी कुमार निवासी दुनेरा तहसील और जिला पठानकोट चला रहा था। ट्रक की जांच में विभिन्न प्रकार की जंगल की लकड़ी पाई गई। जांच के दौरान चालक को वैध अनुमति व दस्तावेज दिखाने के लिए कहा गया तो वह लकड़ी की बिक्री और खरीद से संबंधित कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।
ऐसे में लकड़ी से लदा वाहन जब्त करने के साथ चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आगे की कार्रवाई के लिए वाहन वन विभाग को सौंप दिया गया है।