45 वर्ष से अधिक आयु के सरकारी कर्मचारियों को अब वेतन हासिल करने के लिए वैक्सीनेशन की पहली डोज हासिल करनी होगी। जिले के दूर दराज बनी सब डिवीजन में वैक्सीनेशन को लेकर लगातार चलाई जा रही ड्राइव के बावजूद आबादी की कम प्रतिशत के वैक्सीनेशन के लिए आगे आने के बाद बनी प्रशासन की ओर से यह फैसला लिया गया है।
एसडीएम बनी जोगिंद्र सिंह जसरोटिया ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी करते हुए साफ कर दिया है कि यदि वैक्सीनेशन नहीं तो वेतन भी नहीं मिलेगा। जारी आदेश में संबंधित विभागों के डीडीओ को वेतन जारी करने से पहले यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि 45 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारी को कम से कम वैक्सीनेशन की पहली डोज हासिल हुई हो। क्षेत्र में तेजी से फैल रहे संक्रमण और लगातार हो रही मौत के बाद बनी प्रशासन की ओर से इससे पहले कई माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने के साथ ही जांच और वैक्सीनेशन कैंप भी लगाए जा रहे हैं। ग्रामीण स्तर पर जागरूकता के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की भी मदद ली जा रही है।