कठुआ। कोरोना महामारी से आम लोगों को बचाने के लिए शहर के मंडी शेर सिंह में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। नगर परिषद की पहल पर आयोजित शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने वहां आए सैकड़ों लोगों को कोरोना की वैक्सीन का टीका लगाया। नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा ने कहा कि कोरोना के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए वैक्सीनेशन और मास्क ही एकमात्र तरीका है। इसके लिए लगातार नगर परिषद लोगों को जागरूक भी कर रहा है। शहर में आम लोगों को इस महामारी से बचाने के लिए गत दिनों उनकी मुलाकात डीसी से हुई थी। जहां उन्होंने शहर में वार्डों में वैक्सीनेशन के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने की मांग की थी। जिस पर अमल दूसरे दिन से ही शुरू हो गया था। इस क्रम में पहले वार्ड नंबर 9 और19 में लोगों को टीकाकरण का लाभ दिया गया था। इसी तरह आज मंडी शेर सिंह में शिविर का आयोजन किया गया है। जिसका लाभ वार्ड 5, 6, 7 और साथ लगते वार्ड 2 के लोग भी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी के लिए समान रूप से इस शिविर में व्यवस्था है। इसमें कोई भी व्यक्ति चाहे वह किसी भी वार्ड का निवासी हो आकर वैक्सीन की खुराक लगवा सकता है। उन्होंने बताया कि इस तरह के शिविर शहर में हर जगह लगाए जाएंगे ताकि सरकार द्वारा अभी तक 45 वर्ष के लोगों के लिए जो टीका उपलब्ध कराए गया है उससे कोई भी वंचित ना रहे।