संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। निर्माणाधीन दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस वे, खोख्याल के नजदीक वन विभाग और वन सुरक्षा बल की टीम ने लकड़ी तस्करी के प्रयास को विफल किया है। इसमें जामुन, रूंबल, कामला आदि की जलाऊ लकड़ी बरामद की गई है। टीम ने बिना अनुमति के ले जाई जा रही लकड़ी को बरामद करते हुए मामला दर्ज किया है।
विभाग के रेंज अधिकारी नरेंद्र वर्मा ने बताया कि खोख्याल के पास वन और वन सुरक्षा बल की टीम ने संयुक्त नाका लगाया था। जानकारी मिली थी कि इस क्षेत्र से लकड़ी तस्करी का प्रयास किया जा रहा है। तड़के तीन बजे दो ट्रकों को जांच के लिए रोका गया । ट्रक (पीबी-35जेड 1286) और (एचपी-38सी 6880) से जलाऊ लकड़ी बरामद हुई। जब ट्रक के चालकों से लदे सामान की वैध परिवहन अनुमति के बारे में पूछताछ की गई तो वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।
इसके बाद संयुक्त टीम ने भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 52 के प्रावधान के अनुसार लदे सामान सहित दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया और वन परिसर, कठुआ ले आई। भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26, 42 और 69 के प्रावधानों के अनुसार दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में वन सुरक्षा बल से एडी, राजेश कुमार भी शामिल रहे।