संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के दो अलग-अलग इलाकों में चोरी करते दो आरोपियों को स्थानीय लोगों ने रंगेहाथ दबोच लिया जिन्हें बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पहला मामला वार्ड 13 में आते बस स्टैंड के पास शास्त्री नगर में सामने आया। दोपहर के समय आरोपी ने दिनदहाड़े एक दुकान को निशाना बनाया। दुकानदार अपनी दुकान का शटर बंद कर घर में खाना खाने गया हुआ था। चोर ने शटर उठाकर दुकान के गल्ले में रखी राशि पर हाथ साफ कर दिया।
गनीमत यह रही कि आसपास के दुकानदारों ने उसे देख लिया। आरोपी ने जैसे ही स्थानीय लोगों को आते देखा, मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर भागते हुए आरोपी को काबू कर लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। स्थानीय निवासी इंद्रजीत संब्याल ने बताया कि आए दिन चोर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं लेकिन पुलिस है कि उन पर नकेल कसने में नाकाम साबित हो रही है।
वहीं, वार्ड नंबर 17 में एक प्लाट में बनी मजदूरों की झुग्गियों का लोहे की राॅड से ताला तोड़कर कर चोर अंदर घुस गया जिसे स्थानीय लोगों ने देख लिया। जैसे ही लोगों ने शोर मचाया तो मोटरसाइकिल सवार एक आरोपी मौके से भागने से कामयाब हो गया, लेकिन झुग्गी में घुसे दूसरे आरोपी को लोगों ने दबोच लिया। जिसे बाद लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, पुलिस ने पूछताछ कर गिरोह का पता लगाने में जुट गई है।