कठुआ। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को बसोहली बस अड्डा के आसपास बाजार में सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने के दो आरोपियों पर 300 रुपये जुर्माना लगाया। गंदे वातावरण में मीट बेचने के आरोप में पांच विक्रेताओं का चालान किया। सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग की मोबाइल खाद्य परीक्षण वैन बाजार में पहुंची तो दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंस राज अंदोत्रा के नेतृत्व में सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मोबाइल खाद्य परीक्षण वैन के साथ बाजार में पहुंची तो तमाम दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से खिसक गए। टीम ने कई दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर उनकी जांच की। विभिन्न खाद्य सामग्री के कुल 45 नमूने जांच के लिए लिए गए। इसमें ज्यादातर नमूनों की गुणवत्ता ठीक पाई गई।
अंदोत्रा ने बताया कि बाजार में आगे भी इस तरह की औचक निरीक्षण की जाएगी। जो दुकानदार दुकान बंद कर फरार हो गए है, उनकी भविष्य में प्राथमिकता से जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि बाजार से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ दुकानदार एक्सपायरी उत्पाद उपभोक्ताओं को बेच रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मीट और पोल्ट्री का उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों के आगे काले शीशे वाले दरवाजे और खिड़कियां लगाने, दुकान का फर्श और दीवारों में सात फीट ऊंचाई तक टाइलें लगाने, गर्म पानी का इंतजाम करने और साफ माहौल में कारोबार करने का निर्देश दिया है। कहा है कि नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर नायब तहसीलदार बसोहली, नगर कमेटी के अधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।