बैठक के दौरान बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते पूर्व सैनिक। संवाद
- फोटो : kathua
जम्मू और कश्मीर एक्स सर्विस वेलफेयर एसोसिएशन ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की
कठुआ। जम्मू-कश्मीर एक्स सर्विस वेलफेयर एसोसिएशन ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। शुक्रवार को एसोसिएशन के जंगलोट मोड़ स्थित कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए कार्रवाई किए जाने की मांग की।
बैठक से पूर्व सैनिकों ने आतंकी घटना में मारे गए लोगों की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और इसके बाद परंपरा के अनुसार बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर एसोसिएशन के महासचिव सेवानिवृत्त कैप्टन प्रेम कुमार ने पर्यटकों के साथ होने वाली घटना को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला घूमने आए पर्यटकों के बीच डर और आतंक फैलाने वाला है।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना के जिम्मेदारों को सजा देने का एलान किया है। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को खत्म करने के लिए अब हमें रणनीति में बदलाव करने की जरूरत है। इसमें आतंकवादियों की तरह ही उनके पनहगारों और ओजीडब्ल्यू वर्करों को मौत के घाट उतारने की जरूरत है। तभी इस आतंकवाद से जम्मू-कश्मीर को मुक्त किया जा सकेगा। बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों ने आठवें पे-कमीशन, ईसीएचएस और कैंटीन सेवा के मसलों पर चर्चा करते हुए समाधान के लिए कदम उठाए जाने की मांग की। इस मौके पर सेवानिवृत्त कैप्टन देव राज, स्वर्ण सिंह, महात्म सिंह, ज्ञान सिंह, दर्शन सिंह, जगदीश सिंह, सूबेदार मेजर रोमल सिंह, सूबेदार राज कुमार, हवलदार ताराचंद आदि मौजूद रहे। संवाद