कठुआ। जम्मू पठानकोट हाईवे पर कार और ट्रक में हुई भिड़ंत में दो युवतियां घायल हो गईं। घायलों को राजकीय मेडिकल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से एक युवती की गंभीर हालत को देखते हुए जम्मू मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। घायलों की पहचान 26 वर्षीय रुचि राजपूत और 18 वर्षीय मोनिका दोनों निवासी राया जम्मू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जम्मू से पठानकोट की ओर जा रही कार नंबर जेके21ई-8608 की टक्कर सामने से आ रहे ट्रक नंबर जेके02एक्स-2081 से हो गई। हादसे में कार में सवार दोनों युवतियां गंभीर घायल हो गईं। घायलों को कठुआ राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। जहां से मोनिका की गंभीर हालत को देखते हुए जम्मू के मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।