कठुआ। हटली चौकी पुलिस ने एक पेशेवर फोटोग्राफर के बैग की चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से करीब सात लाख रुपये मूल्य के कैमरा, मोबाइल फोन, कैमरा लेंस आदि उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार इसी साल 10 जून को खरोट मोड़ के पास एक पेशेवर फोटोग्राफर ट्रैफिक जाम में फंसे थे। इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवार आए। उन्होंने खिड़की के शीशे से हाथ डालकर उनकी कार की पिछली सीट पर रखा कैमरे का बैग चुरा लिया था।
इसके बाद चोर मौके से फरार हो गए। कठुआ थाने में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। औद्योगिक क्षेत्र की चौकी पुलिस टीम ने पीएसआई शुभम महाजन के नेतृत्व में जांच कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
एक सप्ताह के भीतर दो आरोपियों को पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इन आरोपियों की पहचान चक दराब खां निवासी अल्ताफ हुसैन और फरमान अली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए चोरी के सामान की जगह बताई। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक पेशेवर कैमरा, मोबाइल फोन, दो कैमरा लेंस आदि उपकरण बरामद कर जब्त कर लिए। चोरी में इस्तेमाल की गई आरोपियों की बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली।