-जाहिर मन्हास को सौंपी गई बिलावर थाने की कमान
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बिलावर के भटौडी गांव में मक्खन दीन की खुदकुशी मामले और बाथरी में दो लोगों की हत्या के बाद बिलावर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह जाहिर मन्हास को बिलावर थाने की कमान सौंपी गई है।
दरअसल, पांच फरवरी को बिलावर के भटौडी क्षेत्र में मक्खन दीन ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए खुदकुशी कर ली थी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। मामले में पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने जहां बिलावर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी थी। इस दौरान क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही। यह मामला सिर्फ जम्मू-कश्मीर ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में चर्चा का विषय बना था।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने मामले की निष्पक्ष जांच के भी आदेश दिए थे। मंगलवार को थाना प्रभारी का तबादला क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा। इससे पूर्व मक्खन दीन की खुदकुशी के बाद सुरक्षा को धत्ता बताते हुए कश्मीर से बिलावर पहुंची इल्तिजा मुफ्ती मामले में भी विभाग ने उनके एसपीओ को निलंबित कर दिया था।
उधर, दो दिन पहले ही बाथरी गांव में दो लोगों की हत्या के बाद क्षेत्र में एक बार फिर अपराध बढ़ने के बीच पुलिस विभाग की ओर से यह एक बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। मामले में राजनीतिक रंग सामने आने के बाद पुलिस खुलकर कुछ भी नहीं बता रही है। हालांकि एसएसपी कठुआ शोभित सक्सेना ने तबादले की तस्दीक की है। उन्होंने बताया कि जाहिर मन्हास को बिलावर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।