जिला में जोरदार बारिश से बिजली ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे कई स्थानों पर बिजली की सप्लाई ठप हो गई है। बताया जाता है कि करीब 20 ट्रांसफार्मरों को नुकसान पहुंचा है, जिन्हें ठीक करने के लिए अभी दो से 3 दिन का समय लग सकता है।
सोमवार की सुबह जोरदार बारिश के चलते पहाड़ों से आने वाले बाढ़ के पानी ने निर्माणाधीन बनी डिग्री कॉलेज की चारदीवारी को तोड़ दिया। वहां से निकला पानी बिजली विभाग के सब स्टेशन में जा घुसा। इससे बनी कस्बे में बिजली की सप्लाई ठप हो गई। हालांकि पानी के निकलते ही विभाग के कर्मचारियों ने युद्ध स्तर पर काम करते हुए कस्बे की बिजली बहाल कर दी।
बिजली विभाग के एक्सईएन मोहम्मद शफी के अनुसार 24 घंटों के दौरान हुई बारिश से जिला भर में बिजली के ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। इसमें सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र बिलावर, रामकोट और हीरानगर रहे। जहां दर्जनों स्थानों पर लाइनों में खराबी आ गई थी। और कई स्थानों पर बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए थे। इन्हें ठीक करने के लिए दोपहर बाद से ही प्रयास शुरू कर दिए गए थे। ज्यादातर इलाकों में बिजली की सप्लाई बहाल हो गई है।