कठुआ। यातायात विभाग की ओर से लगातार दूसरे दिन भी शहर और आसपास के इलाकों में उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहा। एसपी ट्रैफिक रूरल मोहन लाल कैथ की देखरेख में लगाए गए विभिन्न नाकों के दौरान अबतक एमवी एक्ट के विभिन्न प्रावधानों में 624 वाहनों का चालान किया गया है। वहीं, एक लाख 67 हजार दो सौ रुपये जुर्माना भी वसूला गया। बिना दस्तावेज के चार वाहनों को जब्त किया गया है।
एसपी ट्रैफिक रूरल मोहन लाल कैथ ने बताया कि विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता के साथ-साथ यातायात नियमों और विनियमों के बारे में ट्रांसपोर्टरों और चालकों को जागरूक करना था। ओवरलोडिंग, लापरवाही से ड्राइविंग, तेज रफ्तार के साथ वाहन चलाने और बिना हेल्मेट, बिना सीट बेल्ट के अभाव में चालान किए गए हैं।
डीसी कार्यालय के सामने और शहीदी चौक बने नो पार्किंग जोन
यातायात पुलिस ने डीसी कठुआ कार्यालय के बाहर और शहीदी चौक सहित आसपास नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया है। इस दौरान आम लोगों को सड़क किनारे वाहन पार्क न करने की सलाह भी जारी की गई है। एसएसपी ट्रैफिक रूरल जम्मू ने लोगों से कहा है कि वह अपनी सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। समग्र रूप से आम जनता को इस प्रक्रिया में भाग लेना है और वाहनों की परेशानी मुक्त आवाजाही की जिम्मेदारी लेनी है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में प्रवर्तन अभियान और अधिक सख्ती से अमल में लाया जाएगा।