बिलावर। उप मंडल की अलग-अलग सड़कों पर रविवार को यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे। धार सड़क पर डीटीआई करतार नाथ के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने नाका लगाया।
इस दौरान प्रेशर हॉर्न बजाने के लिए दो मिनी बस चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और चालान काटे गए। यातायात पुलिस ने पल्लन और परनाला गांव में वाहन चालकों और लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। डीटीआई ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है, इसलिए सभी लोग इनका पालन करें।
उन्होंने कहा कि अगर किसी भी यात्री को कोई परेशानी आती है तो वह यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करवा सकता है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।