-एसएसपी ट्रैफिक के आश्वासन के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो पा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के कोर्ट रोड, मुखर्जी, जराई और शहीदी चौक पर जाम आम हो गया है। एसएसपी ट्रैफिक के आश्वासन के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है। कालीबड़ी चौक पर शहर हाईवे के साथ जुड़ता है। जहां हाईवे के यातायात के साथ कंडी क्षेत्र से आने वाले वाहनों का दबाव रहता है। इससे जाम लग जाता है।
यातायात की सबसे भयावह स्थिति कॉलेज रोड पर होती है। डीसी आफिस के पास सड़क के किनारे अवैध पार्किंग से वाहन निकलने की जगह नहीं बचती। इंदिरा कॉलोनी में भी अवैध पार्किंग से सड़क संकरी हो जाती है। यही हाल अन्य स्थानों का है।
बेरिकेट्स से भी नहीं हुआ जाम का हल
शहर के पुराने गर्ल्स हायर सेकंडरी चौक पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बेरिकेट लगाए थे लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। बड़ा वाहन सड़क पर आने से चौक पर जाम लग जाता है। मुखर्जी चौक में गुरुद्वारा के सामने अवैध पार्किंग वाहनों की गति को ब्रेक लगा देती है।
वीआईपी दौरे के ही दौरान ही दिखती है ट्रैफिक पुलिस
लोगों का कहना है कि यातायात संचालन के लिए ट्रैफिक पुलिस की भूमिका केवल वीआईपी दौरे के ही दौरान दिखाई देती है। अन्य दिनों में ट्रैफिक पुलिस का काम केवल दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटने तक ही सीमित रह गया है। ऐसे में व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद करना भी बेमानी है। क्योंकि आम दिनों में ट्रैफिक पुलिस की सार्वजनिक स्थलों पर दिखाई ही नही देती है। कहना है कि ट्रैफिक पुलिस अगर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्रवाई करती है तो उसे केवल दोपहिया वाहनों के चालान तक सीमित न रहकर सभी प्रकार के वाहनों के लिए समान रूप से व्यवहार करे। ताकि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार हो सके।
जनवरी में कठुआ दौरे पर पहुंचे एसएसपी ट्रैफिक (ग्रामीण) जम्मू, गिरधारी लाल शर्मा के समक्ष भी दुकानदारों व स्थानीय लोगों कमल कश्यप और अर्शदीप सिंह ने जाम से होने वाली समस्या का समाधान करने की मांग रखी थी। एसएसपी ने लोगों को आश्वासन दिया था कि यातायात समस्या का मूल कारण पार्किंग का अभाव है। वह खुद जिला प्रशासन के साथ संवाद करेंगे। पंद्रह दिन बीत जाने के बाद भी इस दिशा में पहल नहीं हो पाई।
शहर में जाम की समस्या का समाधान के लिए पार्किंग का स्थान होना जरूरी है। एसएसपी ट्रैफिक ने इस संबंध में प्रशासन के साथ चर्चा करनी है। ट्रैफिक पुलिस नो-पार्किंग जोन में पार्क होने वाले वाहनोंं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
कपिल थापा, डीटीआई कठुआ