एक्साइज ड्यूटी में बढ़ोतरी के विरोध में सुनारों का हड़ताल एक महीने से अधिक समय से जारी है। स्वर्णकारों ने सोमवार को केंद्र सरकार के खिलाफ रोल बैक रैली निकाली। स्वर्णकारों ने हाथों में तख्तियां लेकर एक्साइज ड्यूटी रोल बैक के नारे लगाए। स्वर्णकारों ने कहा कि मांग पूरी होने के बाद ही हड़ताल खत्म की जाएगी।
मुख्य बाजार से शहीदी चौक तक निकाली गई रैली का नेतृत्व कर रहे राम दास ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां छोटे कामगारों के प्रति हितकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से अधिक समय से अपनी मांग रखने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक कोई प्रयास नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सरकार जब तक उनकी मांग पूरी नहीं करेगी वह अपनी हड़ताल वापस नहीं लेंगे।
रैली में शामिल जगदीश राज सहदेव, अश्वनी कुमार, राजकुमार, रमेश चंद्र, शिव कुमार अबरोल आदि ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां केवल बड़े व्यापारी वर्ग के लिए ही हितकारी हैं। मोदी सरकार बड़े व्यापारियों के लिए नीतियां तैयार कर अपनी जेबें भरने की कोशिश कर रही हैं, क्योंकि एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन इससे छोटे स्तर के स्वर्णकारों को परेशान होना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार मेक इन इंडिया का नारा देती है और इंडिया में रोजगार के साधन पैदा करने वालों पर टैक्स की मार थोपती है। उन्होंने कहा कि स्वर्णकारों ने सरकार से कोई रोजगार नहीं मांगा बल्कि वह रोजगार प्रदान कर रहे हैं।
सरकार की नीतियां इस साधन को समाप्त करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में वह ऐसा नहीं होने देंगे और अगर सरकार ने अपनी नीतियां वापस नहीं ली तो वह उग्र रुख अपना लेंगे। उन्होंने कहा कि एक महीने से हड़ताल की जा रही है, लेकिन केंद्र सरकार चुपचाप बैठी है।