जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में बेला से बदोली तक पांच किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सेना की वीरता और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के सम्मान में जिले भर में भाजपा की ओर तिरंगा यात्रा का आयोजन जारी है। रविवार को जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में बेला से बदोली तक पांच किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई।
विधायक राजीव जसरोटिया के नेतृत्व में आयोजित रैली में शामिल कार्यकर्ता देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नारों के साथ भारत माता की जय का उद्घोष करते हुए जवानों को सम्मान दिया। उन्होंने इस अभियान में भाग लेकर देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
इस मौके पर जसरोटिया ने कहा कि तिरंगा रैली नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गर्व की जीवंत अभिव्यक्ति है। यह हमारी आत्मा, पहचान और बलिदान की विरासत का प्रतीक है। रैली के बाद बदोली में आयोजित सभा में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में लिए गए साहसिक निर्णय की सराहना की। उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों, बीएसएफ, सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस के साहस को नमन करते हुए कहा कि भारत कभी आतंकवाद के आगे नहीं झुका है और यह हमारे वीर जवानों की निस्वार्थ सेवा के कारण संभव हुआ है। ऑपरेशन सिंदूर को उन्होंने केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान की अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि भारत की बेटियों की सुरक्षा के लिए उठाया गया हर कदम अब सीमा पार से जवाब देगा।
अंत में शहीदों की स्मृति में विशेष श्रद्धांजलि और सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। वहीं, विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और लोगों को उनके समाधान का आश्वासन भी दिया। इस रैली में मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, पूर्वसरपंच केवल कृष्ण, पूर्व मंडल अध्यक्ष समर सिंह, यात्रा प्रभारी सुदेश कुमार सेठू, विक्रम सिंह, अशोक जसरोटिया सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। उधर, देर शाम कठुआ शहर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा रैली निकाली। शहर के शहीदी चौक से लेकर मुखर्जी चौक तक निकाली गई रैली में भारत माता का जयघोष करते हुए ऑपरेशन सिंदूर में शौर्य दिखाने वाले वीरों को नमन किया गया।