जिले के बसोहली उपमंडल में विभिन्न क्षेत्रों से जहरीला पदार्थ सेवन करने के तीन मामले सामने आए हैं। सभी प्रभावितों को उपजिला अस्पताल बसोहली से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जीएमसी कठुआ रेफर किया गया है।
पहला मामला धार महानपुर से सामने आया, जहां 50 वर्षीय व्यक्ति ने संदिग्ध अवस्था में अज्ञात जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए परिजनों ने उसे बसोहली उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर अवस्था को देखते डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया है। जिसकी पहचान संसार सिंह पुत्र चुन्नी लाल निवासी धार महानपुर के रूप में हुई है। दूसरा मामला प्रेहता नगरोटा से आया है, जहां 28 वर्षीय महिला ने संदिग्ध अवस्था में अज्ञात जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे भी परिजनों ने उसे बसोहली उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर अवस्था को देखते डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया है। महिला की पहचान रजीना अख्तर पत्नी जमाल दीन निवासी प्रेहता नगरोटा के रूप में हुई है।
वहीं, एक और मामला धार महानपुर से आया है। जहां 22 वर्षीय महिला ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसके बाद महिला के पति ने उसे बसोहली उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया गया है। महिला की पहचान प्रीति देवी पत्नी पंकज कुमार निवासी धार महानपुर के रूप में हुई है।
तीनों मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।