कठुआ। नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जम्मू-पठानकोट हाईवे पर राजबाग चौक के पास लगाए नाके में जहां पुलिस ने दो आरोपियों से 12 किलो भुक्की बरामद कर मामला दर्ज किया। वहीं, उनकी निशानदेही पर कठुआ शहर में एक जगह दबिश देकर एक आरोपी को 52 किलो भुक्की की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया।
मंगलवार को प्रेसवार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात राजबाग चौक पर नाकेबंदी के दौरान आल्टो कार (जेके08जी-0507) को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर कार सवार दो आरोपियों गुरचरण सिंह उर्फ विक्की निवासी राजबाग और सुनील कुमार उर्फ सन्नी निवासी हरदों मुट्ठी से 12 किलो बरामद हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। वहीं, उनकी निशानदेही पर कठुआ और राजबाग की संयुक्त टीम ने रामनगर कॉलोनी (कठुआ) स्थित मनप्रीत सिंह के घर में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दबिश दी। इस दौरान टीम ने 52 किलो भुक्की बरामद करते हुए मनप्रीत सिंह को भी हिरासत में ले लिया है। तीनों से पूछताछ जारी है।