जम्मू विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस में बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने खूब धमाल मचाया। विभिन्न गीतों पर नृत्य के साथ लघु नाटक का मंचन कर जहां समा बांधा तो कविताओं से विद्यार्थियों ने सामाजिक कुरीतियों पर कटाक्ष भी किया।
कार्यक्रम में विवि के उपकुलपति मोहन पाल ईशर मुख्य अतिथि और कठुआ विधायक चरणजीत सिंह जसरोटिया सम्मानित अतिथि रहे।
कार्यक्रम की शुरूआत पारंपरिक दीपप्रज्ज्वलन के साथ की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने अतिथियों के सम्मान के लिए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किए।
इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम से धूम मचा दी और समा बांधे रखा। कार्यक्रम के बाद सभी अतिथियों ने जंगलोट में बन रही कैैंपस की इमारत का निरीक्षण किया।
इस मौके पर मोहन पाल ईशर ने कहा कि विवि कैंपस का कार्य जिस रफ्तार से चल रहा है वह प्रस्ताव के अनुसार सही है। दिसंबर के अंत तक प्रशासनिक ब्लाक का कार्य पूरा हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने बेहतर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक कुरीतियों पर कटाक्ष किया है। कार्यक्रम के अंत में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मनित किया गया।
इस मौके पर कैंपस की रेक्टर के साथ स्टाफ सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।