शहर में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार की रात शहर के वार्ड 17 पुलिस लाइन रोड स्थित एक कार वाशिंग स्टेशन में चोरी हुई। यहां से चोर लाखों रुपये की मशीन ले उड़े। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना करने के बाद मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, लगातार हो रहीं वारदातों से लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
वार्ड 17 में चोरी की इस घटना के संबंध में क्लीन एंड व्हील्स नामक वाशिंग स्टेशन के मालिक शिवम दीवान ने बताया कि शुक्रवार शाम को वाशिंग स्टेशन पर काम करने वाला कर्मचारी राम प्रसाद वाशिंग स्टेशन बंद कर घर चला गया था। शनिवार की सुबह जब वह पहुंचा, तो देखा कि कार वाशिंग करने वाली मोटर और कुछ कीमती सामान नहीं हैं। उन्होंने बताया कि चोरी की घटना में करीब ढाई लाख का नुकसान हुआ है।
वाशिंग स्टेशन के कर्मचारी राम प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार की शाम को जब स्टेशन को बंद किया था, तब सब कुछ सामान्य था। लेकिन शनिवार की सुबह यहां पहुंचा तो मोटर सहित अन्य सामान नहीं थे। इसकी सूचना वाशिंग स्टेशन मालिक शिवम दीवान को दी। स्थानीय आनंद शर्मा ने कहा कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को रोकने के नाम पर पुलिस ने ऑपरेशन ऑल आउट अभियान शुरू किया है। इसमें एक साथ सैकड़ों पुलिस के जवानों को झोंक दिया जाता है। वहीं चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग रहा है।