लखनपुर में जिला प्रशासन की ओर से हटाया गया डिवाइडर। संवाद
- फोटो : kathua
डीसी ने पॉलीथिन मुक्त लखनपुर का किया आह्वान, एक और स्मार्ट पैसेंजर शेड होगा तैयार
कठुआ। लखनपुर कस्बे के सौंदर्यीकरण को लेकर काम और तेज हो गया है। कस्बे को जाम और हादसों से निजात दिलाने के लिए हाईवे प्राधिकरण ने प्रशासन के निर्देश पर सर्विस लेन के डिवाइडरों को हटा दिया है। इस प्रक्रिया के बाद अब लखनपुर में चौड़ी सड़क वाहनों के लिए उपलब्ध रहेगी।
दरअसल डिवाइडर के भीतर और बाहर वाहनों की अवैध पार्किंग के बाद लखनपुर कस्बे में जाम आम हो जाता था। यही नहीं प्रदेश के बाहर से आने वाले कई वाहन अक्सर डिवाइडर की वजह से हादसों का शिकार होते थे। इसे देखते हुए कस्बे के मुख्य बाजार के हाईवे के हिस्से को और चौड़ा किया जा रहा है। इसे लेकर दाल बड़े का व्यापार करने वालों में भी गफलत हो गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे डीसी ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी व्यवसाय को हटाया नहीं जाएगा। बल्कि उनके रोजगार बढ़े और ज्यादा से ज्यादा लोग दाल बड़े का स्वाद चखने के लिए रुकें और जाम भी न लगे यह सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने लखनपुर के व्यवसायियों से कस्बे को पॉलीथिन मुक्त करने का आह्वान किया।
इसके बाद दुकानदारों ने इस्तेमाल हो रहे पॉलीथिन भी जमा करवा दिए। उधर, लोगों की मांग के बाद डीसी ने लखनपुर से ग्रामीण क्षेत्रों को रामलीला मैदान की ओर से जाने वाली मिनी बसों के लिए एक और स्टॉप देते हुए स्मार्ट पैसेंजर शेड तैयार करने की घोषणा की। यह पैसेंजर शेड हाल में बनाए गए पैसेंजर शेड के नजदीक ही बनाया जाएगा।
जाम से निपटने के लिए डिवाइडर हटाए गए हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश के बाहर से आकर यहां रुकने वाले वाहनों के लिए पार्किंग का हिस्सा भी पीली मार्किंग कर उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
पृथ्वी राज सांगड़ा, कार्यकारी अधिकारी नगर कमेटी