प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के नामी-गिरामी पहलवान लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोट। मकवाल उदराल दंगल में बड़ी माली का मुकाबला एक लाख 25 हजार की इनामी राशि के साथ करवाया जाएगा। वहीं, दूसरी माली का मुकाबला एक लाख का होगा और तीसरी माली पर मल्लयुद्ध करने वाले पहलवानों के लिए 75 हजार नगद इनामी राशि रखी गई है। इसकी जानकारी दंगल कमेटी के सदस्य डीके शर्मा ने दी।
दंगल 16 जून 2026 को होगा। इसके लिए दंगल कमेटी की ओर तैयारी शुरू कर दी गई हैं। दंगल कमेटी के सदस्यों ने बैठक कर बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दंगल का आयोजन किया जा रहा है। सदस्य केके शर्मा ने बताया कि इस ऐतिहासिक दंगल में जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और दिल्ली के नामी-गिरामी पहलवान हिस्सा लेंगे। विजेता पहलवानों को कमेटी की ओर से नकद इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा।
दंगल दोपहर 4 बजे से शुरू होकर देर शाम तक चलेगा। प्रीतम चंद ने बताया कि मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए झूले, खाने-पीने के स्टॉल और स्थानीय कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। कमेटी ने क्षेत्र के लोगों से भारी संख्या में पहुंचकर दंगल का आनंद लेने की अपील की है। इसी के साथ सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। बैठक में केके शर्मा, लवलू शाह, जोगिंदर वर्मा, मोहनलाल, प्रीतम चंद, डॉ. जसवंत सिंह, चैन सिंह आदि मौजूद रहे।