बिलावर। भड्डू गांव में एटीएम की सुविधा न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अवकाश के दिन अगर किसी को रुपये की जरूरत पड़े तो उसे फिंतर गांव में स्थित एटीएम पर निर्भर रहना पड़ता है।
चेतन चन्याल, विशाल कुमार, विनोद मेहरा, दीपक शर्मा, रिंकू मिस्त्री, और नितिन मस्की ने बताया के 25 साल पहले भड्डू गांव में जम्मू-कश्मीर बैंक की शाखा खोली गई थी, लेकिन आज तक गांव में एटीएम की सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई।
नतीजतन आपातकालीन स्थिति में लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। कठिन परिस्थितियों में लोगों को अगर रुपयों की जरूरत पड़ने पर उन्हें चार किलोमीटर दूर फिंतर गांव जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि गांव में बैंक शाखा खुले हुए 25 साल बीत गए और कई बार प्रबंधन से बैंक शाखा के पास एटीएम खोलने की मांग की थी। अगर भड्डू के जम्मू कश्मीर की बैंक शाखा के पास एटीएम की सुविधा उपलब्ध हो जाए तो गांव की 10,000 से अधिक आबादी को फायदा मिलेगा।
लोगों ने बैंक प्रबंधन से जम्मू-कश्मीर बैंक भड्डू की शाखा के पास एटीएम स्थापित करने की मांग की है। संवाद