जिले में चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले साल की वारदात को दोहराते हुए एक बार फिर उसी जगह पर चोरों ने सेंध लगाई है।
सुरक्षा के सभी दावों को धता बताते हुए चोरों ने चढ़वाल में आपस में सटी तीन दुकानों पर एक ही रात में सेंधमारी की। छत के जरिए दुकानों में दाखिल हुए चोरों ने हजारों की नकदी और दुकान के सामान पर हाथ साफ कर लिया।
आराम से तीनों दुकानों को खंगालने और चोरी करने के बाद चोर रफूचक्कर हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यवसायियों ने जैसे ही शटर खोला होश फाख्ता हो गए।
एक-एक कर तीनों दुकानों में चोरी की वारदात का माजरा सामने आ गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद मौके पर एफएसएल टीम ने भी सुराग जुटाए। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
लोगों में इस बात पर भी रोष है कि पुलिस गश्त होने के बावजूद भी चोर आखिर कैसे इतने मजे से तीनों दुकानों में सेंधमारी करने में सफल हो गए।