केंद्रीय विद्यालय रामकोट में आयोजित कार्यक्रम
रामकोट। केंद्रीय विद्यालय रामकोट में वीरवार को भाषा उत्सव सप्ताह का समापन हो गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा विभिन्न भारतीय भाषाओं में तैयार रचनाएं, पोस्टर, चार्ट, मॉडल, लिपियां, शब्दकोश की प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं सप्ताहभर चले भाषण, कविता पाठ व लेखन आदि में बच्चों ने बढ़‑चढ़कर भाग लिया।
गत सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय भाषा उत्सव के अंतर्गत भाषण, कविता पाठ, लेखन, शब्द–खोज, भाषा खेल, लोकगीत, संवाद अभ्यास आदि में बढ़‑चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने न केवल अपनी भाषाई दक्षता का प्रदर्शन किया बल्कि नई भाषाओं, लिपियों और सांस्कृतिक विविधताओं के बारे में भी महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकगणों ने बच्चों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और सीखने की उत्सुकता की सराहना की। विद्यालय के प्राचार्य सूरज प्रसाद ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संचार का माध्यम नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और बौद्धिक विकास का आधार है। उन्होंने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।