आम लोगों से उनके हक की लड़ाई में समर्थन देने के लिए आगे आने की अपील की
कठुआ। पिछले 16 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बिना नतीजा रहने पर उनका गुस्सा भड़क उठा। सोमवार को शहर में सफाई कर्मचारियों ने रैली निकाल कर रोष का इजहार किया और आम लोगों से उनके हक की इस लड़ाई में समर्थन देने के लिए आगे आने की अपील की।
कठुआ नगर परिषद कार्यालय से निकल गई इस रोष रैली के दौरान हाथ में झाड़ू लेकर निकले सफाई कर्मचारियों ने मुखर्जी चौक, पुराना गर्ल्स हाई सेकेंडरी चौक, कॉलेज रोड, शहीदी चौक, कैप्टन सुनील चौधरी चौक, शहीद भगत सिंह चौक, ओल्ड बस स्टैंड, जराई चौक से होते हुए वापस नगर परिषद कार्यालय पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए सरकार पर उनकी अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उन्हें उनका हक
नहीं दिया जाता संघर्ष जारी रहेगा।
इस मौके पर सफाई कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे अर्बन लोकल बॉडी सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रवि रंधावा ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चली आ रही उनकी हड़ताल का सरकार पर अब तक कोई असर नहीं हुआ है जिसके कारण उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जिन सफाई कर्मचारियों को सरकार ने कोरोना योद्धा कहा था उन्हें उनका हक न दिया जाना चिंताजनक है। अब से 16 दिन पहले शुरू हुई हड़ताल में सफाई कर्मचारियों ने श्री अमरनाथ यात्रा को अपनी हड़ताल से प्रभावित नहीं
होने दिया।
वहीं, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री तक अपनी आवाज पहुंचाई। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के लिए 2 दिन का समय मांगा था लेकिन वह भी समय भी बीत चुका है और सफाई कर्मचारियों के हड़ताल हाथ खाली हैं। इस कारण उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान सोमराज ने कहा कि पूरे जम्मू कश्मीर में अपने हक की आवाज बुलंद कर रहे सफाई कर्मचारियों की संख्या मात्र 1500 के करीब है। जिन्हें भी उनकी जायज मांग के लिए लटकाया जा रहा है। ऐसे में आप उनके सामने अपने संघर्ष को तेज करने के अलावा और कोई चारा नहीं है।