बिलावर। किशनपुर गांव में जम्मू-कश्मीर बैंक से मुख्य बाजार को जोड़ने वाली गली की दयनीय दशा के कारण आमजन को परेशान होना पड़ता है। 50 साल पहले सरकार ने इस गली का निर्माण कर कच्ची गली बनाई थी, मगर आज तक 100 मीटर लंबी गली को पक्का नहीं किया जा सका। स्थानीय निवासी रतन चंद, आशीष, सुदर्शन, सुरेंद्र और यशपाल ने बताया कि बारिश होने के बाद अकसर गली में जलभराव हो जाता है, जिसकी वजह से गली में आवागमन करने के लिए लोगों को परेशान होना पड़ता है। उन्होंने बताया कि कई बार सरकार से मुख्य बाजार को जोड़ने वाली इस गली का निर्माण करने की मांग की, लेकिन सरकार ने आज तक हर समय व्यस्त रहने वाली इस गली को पक्का नहीं किया। लोगों ने विधायक सतीश शर्मा से जम्मू-कश्मीर बैंक से मुख्य बाजार को जोड़ने वाली गली को पक्का कर टाइल बिछाने की मांग की है। संवाद