कठुआ में बाबा बर्फानी का जयघोष जाते साधू व अन्य श्रद्धालु। संवाद
देश के विभिन्न राज्यों सहित पड़ोसी देश नेपाल से भक्तों के आने का सिलसिला जारी
कठुआ। श्री अमरनाथ यात्रा के लिए देश के विभिन्न राज्यों सहित पड़ोसी देश नेपाल से भक्तों के आने का सिलसिला जारी है। लखनपुर स्थित रिसेप्शन सेंटर से सुरक्षा काफिले में रवाना होने वाले भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
बड़ी संख्या में आने वाले इन भक्तों के जयघोष और कीर्तन से वातावरण महादेव के रंग में रंग रहा है। सोमवार को लखनपुर स्थित रिसेप्शन सेंटर से निकलने वाले दूसरे जत्थे को पल्ली मोड़ के लंगर में रोका गया।
लंगर कमेटी ने भक्तों का स्वागत किया। भक्तों ने उनके स्वागत के लिए लंगर कमेटी का आभार जताया। इस दौरान भक्तों ने लंगर में परोसे जाने वाले सात्विक भोजन का आनंद लिया और जयघोष करते हुए अपनी खुशी का इजहार किया।
यात्रा पर जूना अखाड़ा नासिक साधु संतों के जत्थे में शामिल महंत विष्णु देवानंद महाराज ने श्री अमरनाथ यात्रा के लिए किए गए प्रबंधों को बेहतरीन बताया। उन्होंने कहा कि भक्तों की सुरक्षा के लिए जिस तरह के इंतजाम किए गए हैं उससे पूरे देश में यात्रा के सफल होने का संदेश जा रहा है।
वहीं, पड़ोसी देश नेपाल से आए भागवत साहा ने कहा कि उन्हें बाबा बर्फानी के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। लंबी यात्रा करने के बाद उन्होंने जम्मू कश्मीर में प्रवेश किया है। यहां हर ओर शिव-शिव गूंज रहा है जो उनको आनंदित कर रहा है।