कठुआ। महज एक माह पूर्व बनी बसोहली-महानपुर सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गई है। लोक निर्माण विभाग के बनाई गई सड़क के निर्माण पर 65 लाख की राशि खर्च की गई थी। सड़क की मौजूदा हालत को देखने के बाद ऐसा लगता है कि जैसे इसकी वर्षों से सुध ही नहीं ली है। जिला के दो पहाड़ी उपमंडल बनी और बसोहली को कठुआ जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली करीब 32 किलोमीटर लंबी इस सड़क की चौड़ाई आधिकारिक रूप से 12 फीट है लेकिन दोनों तरफ से लगातार कट रही सड़क की कही पर चौड़ाई मात्र 4 से 6 फीट रह गई है। पहाड़ी रास्तों पर बनी इस घुमावदार सड़क के मोड़ों पर बिखरी बजरी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। जर्जर होने के बावजूद इस सड़क पर अभी भी भारी वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। ऐसे में सड़क की परतों का इस तरह से उखड़ना गुणवत्ता में घालमेल की ओर इशारा करता है।
स्थानीय संजय शर्मा की माने तो सड़क निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग हुआ हैं। वहीं इसके निर्माण की देखरेख करने वाले लोक निर्माण विभाग की भूमिका भी मामले में जांच के योग्य है। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता राजेश सुम्बड़िया का कहना है कि महानपुुर से बसोहली को जाने वाली सड़क का काम अभी पूरा नही हुआ है। महानपुर के पास कुछ स्थानों पर डाली गई तारकोल किन्ही कारणों से उखड़ गई है। जिसे आने वाले एक दो दिनों में ठीक कर दिया जाएगा। सड़क का शेष हिस्सा पूरी तरह से ठीक है।