नए साल में हीरानगर कस्बे के लोगों को शॉपिंग कांप्लेक्स का तोहफा मिलने वाला है। सुलतान चौक के नजदीक चल रहे शॉपिंग कांप्लेक्स का निर्माण कार्य पूरा होने में कुछ ही दिन बचे हैं। इमारत का काम पूरा हो चुका है और अब इसमें सिर्फ लिफ्ट का काम बाकी है। इसका टेंडर हो चुका है और जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। वहीं इमारत की सुरक्षा के लिए अग्निशमन यंत्र स्थापित करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कस्बे के मुख्य बाजार के मुख्य चौक के किनारे शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के मेगा प्रोजेक्ट के तहत चार करोड़ की लागत से बनने वाले इस शॉपिंग कांप्लेक्स में 20 दुकानें और एक बड़े हाॅल की सुविधा होगी। इसके बनने से कस्बे की खूबसूरती में चार चांद तो लगेंगे ही। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा और यहां खरीदारी के लिए आसपास के इलाके के लोगों के आने से व्यापार में बढ़ोतरी होगी। यही कारण है कि कस्बे के लोग बेसब्री से इसका काम पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं।
स्थानीय समाज सेवक नीरज गुप्ता ने कहा कि कस्बे के लिए यह एक बड़ी परियोजना है और इसके पूरा होने से लोगों को काफी लाभ होगा। यहां बनी दुकानों में युवाओं को नया रोजगार शुरू करने का मौका मिलेगा। इसके अलावा एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार की दुकानें होने पर यह कांप्लेक्स आसपास के इलाके के लोगों को भी अपनी ओर आकर्षित करेगा, जिसका असर कस्बे के बाजार पर भी पड़ेगा। लोगों की आवाजाही बढ़ने से मुख्य बाजार में व्यापार बढ़ेगा। भाजपा मंडल प्रधान मुकेश पाधा ने कहा शॉपिंग कांप्लेक्स के बनने से कस्बे की खूबसूरती तो बढ़ेगी ही स्थानीय लोगों को एक बेहतर सुविधा भी उपलब्ध होगी। एक ही छत के नीचे लोग हर प्रकार का सामान खरीद पाएंगे।
शॉपिंग कांप्लेक्स का काम नया साल शुरू होते ही पूरा हो जाएगा। निकाय समिति के अध्यक्ष के दौरान इस परियोजना को मंजूरी मिली थी और यह सौभाग्य है कि कस्बे के लोगों को आने वाले दोनों में बेहतरीन तोहफा मिलेगा। इस तरह की कई और परियोजनाएं कस्बे में चल रही है, जल्द उनका भी काम पूरा होगा। संबंधित विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इस शॉपिंग कांप्लेक्स की इमारत का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और सिर्फ लिफ्ट लगाने का काम बचा है, जिसका टेंडर हो चुका है और जल्द काम शुरू होगा।
- विजय शर्मा, विधायक, हीरानगर