ग्रामीण विकास विभाग के एक अधिकारी पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए सरपंच ने कार्यालय में ताला जड़ दिया। मामला महानपुर खंड विकास कार्यालय का है, जहां तैनात सहायक लेखा अधिकारी को नौशहरा के सरपंच ने आधे घंटे तक कार्यालय में बंद रखा।
कार्यालय के स्टाफ ने बीचबचाव कर सरपंच से ताला खुलवाया। सरपंच और अधिकारी दोनों ने मामले की जानकारी बीडीओ महानपुर को दी है।
नौशहरा के सरपंच सुरजीत ने बताया कि पिछले कई सप्ताह से उन्हें बीडीओ महानपुर कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर किया जा रहा था। अधिकारी ने कई दिन तक बिल को अपने पास ही रोक कर रखा।
उन्होंने कहा कि अधिकारी का कार्यालय के स्टाफ के प्रति भी व्यवहार ठीक नहीं है और कई बार कहासुनी हो चुकी है। सरपंच ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में तीन बार कार्यालय बुलाकर बिल पास करने के लिए आनाकानी की जा रही थी।
आखिर परेशान होकर उन्होंने कार्यालय में बाहर से ताला जड़ दिया और इसकी जानकारी बीडीओ महानपुर को भी दे दी गई।
ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी ने बताया कि सरपंच का किसी भी विकास कार्य के भुगतान से कोई लेनादेना नहीं होता है। फाइल दो दिन पहले ही इलाके के वीएलडब्ल्यू ने उन्हें सौंपी थी, जिसमें कुछ औपचारिकताएं अधूरी थीं। लेकिन कार्यालय में पहुंचे सरपंच ने उनकी एक भी नहीं सुनी और हंगामा करते हुए कार्यालय में बाहर से ताला जड़ दिया।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी बीडीओ महानपुर को दी गई है और उन्होंने उचित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया है।