बैठक के दौरान संबोधित करते हीरानगर के विभिन्न व्यापार मंडल के अध्यक्ष। संवाद
- फोटो : kathua
व्यापार मंडल अध्यक्षों ने संयुक्त तौर पर बैठक कर दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। उपमंडल के प्रमुख बाजार 27 से 30 जून तक बंद रहेंगे। रविवार को चड़वाल, दयाला चक, मढ़ीन, सांझी मोड़, हीरानगर, हीरानगर मोड़, कूटा आदि के व्यापार मंडल अध्यक्षों ने संयुक्त तौर पर बैठक कर इसकी जानकारी दी।
चड़वाल व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्याम सुंदर ने कहा 27 से 30 जून तक यह सभी बाजार गर्मी की छुट्टी के चलते बंद रहेंगे। लोगों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े इसके लिए लोग इससे पहले घर के लिए जरूरी सामान की खरीदारी कर सकते हैं। दयाला चक व्यापार मंडल के अध्यक्ष सरदारी लाल ने कहा सभी व्यापार मंडल के अध्यक्षों ने मिलकर सरस्वती से यह निर्णय लिया है। इसलिए सभी दुकानदारों से इसके समर्थन की उम्मीद करते हैं। उन्होंने कहा एसेंशियल सर्विसेज की दुकानों के अलावा इन सभी बाजारों में दुकाने चार दिनों के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेंगी।
हीरानगर मोड़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा की गर्मी के मौसम को देखते हुए संयुक्त तौर पर यह निर्णय लिया गया है ताकि दुकानदार परिवार के साथ आराम के कुछ पल बिता सकें। इस मौके पर उपस्थित व्यापार मंडल के अध्यक्षों ने कहा कि चार दिन की छुट्टियों में अगर कोई दुकानदार दुकान खोलने की कोशिश करेगा उस पर जुर्माना भी तय किया जाएगा। इसलिए बेहतर होगा कि दुकानदार मिलकर इसका सहयोग करें और अपने परिवार के साथ इन छुट्टियों का आनंद लें।