कठुआ। जिले के बनी क्षेत्र में गुरुवार शाम को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डूबो दिया है। जिस घर से एक दिन पहले गाजे-बाजे के साथ बरात निकली थी शुक्रवार को उसी घर से दूल्हे की अर्थी उठी। यह दृश्य देखकर हर किसी की आंखों में आंसू आ गए। हादसे की वजह अंधेरा और खराब सड़क को बताया गया।
सित्ती गांव में शुक्रवार को घरों में चूल्हे नहीं जले। विक्की पुत्र खेमराज निवासी सित्ती की मौत से पूरे गांव को सदमा पहुंचा। वहीं मिडिल स्कूल पनेखी में तैनात शिक्षक जीवन सिंह पुत्र बलि बहादुर निवासी सित्ती के घर का भी यही हाल था। परिवार के सदस्य रो-रोकर बेहाल थे और उस घड़ी को कोस रहे थे जब जीवन सिंह समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। उधर गत्ती गांव में राकेश सिंह के घर से रह-रह कर रोने की आवाज गांव के सन्नाटे को चीर रही थी। राकेश की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और शोकाकुल परिवार के साथ खड़े दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बरसात के बाद से जिले के पहाड़ी इलाकों में सड़कों की हालत बेहद खराब है। बनी सब-डिवीजन के कई इलाकों में सड़कें अस्थाई रूप से बहाल हुई हैं जिन पर सफर करना लोगों की मजबूरी है। गुरुवार को बनी के भंडार इलाके में हुए हादसे की वजह भी अंधेरा और खस्ताहाल सड़क को माना जा रहा है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में कार सवार दो अन्य घायल शिशुपाल शर्मा पुत्र हंसराज और मोहन सिंह पुत्र खेमराज को सीएचसी बनी से जीएमसी कठुआ में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।
यह अत्यंत दुखद घटना है। विवाह के दिन एक युवा दूल्हे को खोना ऐसा दर्द है जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मैं इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे और मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों।
डॉ रामेश्वर सिंह
विधायक बनी
दूल्हे की मृत्यु पर शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं। परिवार के लिए इस असहनीय दुख को सहने के लिए साहस की प्रार्थना करते हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।
जीवन लाल, पूर्व विधायक बनी