फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमरनाथ यात्रा पर जाने से पहले पढ़ लें यह खबर: बिना पंजीकरण पहुंचना पड़ सकता है भारी, सीमा पर ही रुकना पड़ेगा

Sun, 05 Jul 2026 07:41 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला, नेटवर्क कठुआ

सार

अमरनाथ यात्रा के लिए बिना पंजीकरण जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे श्रद्धालुओं को लखनपुर में रोका जा रहा है, जबकि केवल पंजीकृत यात्रियों को ही आगे भेजा जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य रखने और यात्रा पर निकलने से पहले पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की है।
विज्ञापन
बिना रजिस्ट्रेशन पहुंचे श्रद्धालुओं को लखनपुर में रोका गया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमरनाथ यात्रा के दौरान इस वर्ष बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण के श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल पंजीकृत यात्रियों को ही निर्धारित संख्या के अनुसार आगे भेजा जा रहा है। बिना पंजीकरण पहुंचे श्रद्धालुओं से फिलहाल धैर्य रखने और अगले सप्ताह यात्रा की योजना बनाने की अपील की गई है।

विज्ञापन


विज्ञापन

लखनपुर पहुंचे मंडलायुक्त रमेश कुमार ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित कैपिंग के अनुसार ही प्रतिदिन सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति दी जा रही है। इसी वजह से बिना पंजीकरण आए यात्रियों को फिलहाल लखनपुर में रोका गया है।

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे पवित्र गुफा से श्रद्धालु अपनी यात्रा पूरी कर लौटेंगे और नए स्लॉट उपलब्ध होंगे, वैसे-वैसे प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं को भी आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने लखनपुर में यात्रियों के लिए ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की गई है।
 
यह खबर भी पढ़ें: अमरनाथ यात्रा में उमड़ी भीड़: बिना पंजीकरण यात्रा पर न आएं, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं से की अपील

इस बीच प्रशासन ने देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर लें। बिना पंजीकरण जम्मू-कश्मीर पहुंचने वाले यात्रियों को अब राज्य की सीमा पर ही रोक दिया जा रहा है। लगातार बढ़ रही भीड़ और तत्काल पंजीकरण के लिए स्लॉट उपलब्ध न होने के कारण यह व्यवस्था लागू की गई है।

रविवार सुबह से लखनपुर में जांच अभियान शुरू कर दिया गया। केवल पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को ही दस्तावेजों की जांच, आरएफआईडी टैग और ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच आगे रवाना किया जा रहा है।

वहीं, बिना पंजीकरण यात्रा की उम्मीद लेकर पहुंचे कई श्रद्धालुओं को निराशा का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन उन्हें सलाह दे रहा है कि पंजीकरण उपलब्ध होने के बाद ही यात्रा के लिए दोबारा आएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें