कठुआ। गत दिवस जिले में 6 डेंगू के मामले सामने आने के बाद विभाग ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। जिले में विभाग की 10 अलग-अलग टीमों ने अपने इलाके में लोगों को डेंगू से बचाव के बारे में जानकारी दी और किसी भी तरह के बुखार आने की स्थिति में अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उसकी जांच अवश्य करने के लिए की अपील की।
बुधवार को चलाई जाने वाले अभियान के बारे में जिला मलेरिया अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि लोगों को डेंगू से बचने के लिए विभाग हर संभव कोशिश कर रहा है। जिसमें जगह-जगह विभाग के कर्मचारी जाकर लोगों को इसके बारे में जानकारी दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिल में 6 मरीजों के सामने आने के बाद चलाए जाने वाले अभियान के दौरान बिलावर मेडिकल ब्लॉक के सुकराला और बदनौता में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने 57 घरों का दौरा किया है। इसी तरह हीरानगर मेडिकल ब्लॉक में छन्न अरोड़ियां और हरदो मुट्ठी के 53 घरों, बसोहली मेडिकल ब्लॉक के प्रेहता व आसपास के 59 घरों, परोल मेडिकल ब्लॉक के फलोट और जराई गांव में 85 घरों, बनी मेडिकल ब्लॉक के संदरून में 27 घरों को और कठुआ शहर के वार्ड नंबर 21 में 34 घरों को विभाग की टीम ने दौरा किया।